बलरामपुर

युवा अधिवक्ता निराला गुप्ता के निधन पर अधिवक्ता संघ में शोक
06-Oct-2026 8:54 PM
युवा अधिवक्ता निराला गुप्ता के निधन पर अधिवक्ता संघ में शोक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 6 अक्टूबर। अधिवक्ता संघ रामानुजगंज के सदस्य युवा अधिवक्ता निराला गुप्ता का मंगलवार सुबह सडक़ दुर्घटना में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से रामानुजगंज न्यायालय परिसर सहित अधिवक्ता संघ में शोक की लहर दौड़ गई। निराला गुप्ता अधिवक्ता रमेश गुप्ता के बड़े पुत्र थे।

अधिवक्ता संघ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि संघ ने एक होनहार और युवा अधिवक्ता को खो दिया है। उनके निधन से अधिवक्ता समुदाय को गहरा आघात पहुंचा है। संघ के सदस्यों ने दिवंगत अधिवक्ता की स्मृति में 6 अक्टूबर को दोपहर 12.15 बजे न्यायालय परिसर में शोकसभा आयोजित किया। शोकसभा में अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अधिवक्ता संघ ने निर्णय लिया है कि शोकसभा के बाद अधिवक्तागण पूरे दिन न्यायालयीन कार्य से विरत रहेंगे। इसके चलते न्यायालयीन कार्य स्थगित रहा। इस संबंध में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज सहित रामानुजगंज के विभिन्न न्यायालयों एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना प्रेषित कर दी गई है।

युवा अधिवक्ता के निधन से रामानुजगंज न्यायालय परिसर में शोक का माहौल है। अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।


अन्य पोस्ट