बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 5 अक्टूबर। बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र की डौरा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंधों के चलते युवक की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने उसका सिर धड़ से अलग कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम कोदौरा निवासी अमीम अंसारी ने चौकी डौरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा स्कूटी लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन 3 अक्टूबर को उसकी स्कूटी मक्का बाड़ी के पास लावारिस हालत में मिली। वसीम का कोई पता नहीं चलने पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान ग्रामीणों से पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में किसी व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सिर को बरामद कर उसकी पहचान कराई। मृतक के भाई ने उसकी पहचान वसीम अंसारी के रूप में की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
संदेह के आधार पर ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि मनबासो और मृतक वसीम अंसारी के बीच पूर्व से संबंध थे। दो अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने फोन कर वसीम को मिलने के लिए बुलाया। वसीम के पहुंचने पर मनबासो और उसके पति सोनू ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया।
डौरा पुलिस ने मामले में धारा 140(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।