बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 30 सितंबर। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और शिक्षित ग्रामीण युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित आजीविका से जोडऩे के लिए जिला प्रशासन और प्रिज्मा एआई के बीच कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर की स्थापना हेतु गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। प्रशासन के अनुसार, बलरामपुर डेटा लेबलिंग एवं एआई के लिए ऐसा केंद्र स्थापित करने वाला प्रदेश का पहला जिला है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि केंद्र के माध्यम से स्व-सहायता समूहों और स्थानीय युवाओं को डेटा एनोटेशन एवं कॉग्निटिव डेटा प्रोसेसिंग से संबंधित प्रशिक्षण और कार्य का अनुभव दिया जाएगा। कंपनी की सहमति के बाद पायलट केंद्र के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई थी, जिसके बाद एमओयू हुआ।
पायलट चरण में 10 सीटों का केंद्र शुरू किया जाएगा। प्रतिभागियों को एआई साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज व ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद विशेषज्ञों की निगरानी में वास्तविक कार्य का अनुभव मिलेगा।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में 12वीं उत्तीर्ण और स्नातक सदस्यों वाले कई स्व-सहायता समूह हैं। केंद्र के माध्यम से महिलाओं और युवाओं को डिजिटल कौशल के साथ स्थानीय स्तर पर आय के अवसर मिल सकेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, प्रिज्मा एआई के सीईओ डॉ. श्रीराम अय्यर, सीओओ अमिताभ राय चौधरी, सीटीओ विनीत कुमार झा तथा स्व-सहायता समूह की सपना और अनुजा उपस्थित थीं।