बलरामपुर
एनएच-343 के निर्माण में देरी को लेकर जताया था विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 30 सितंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर राजपुर अधिवक्ता संघ द्वारा प्रस्तावित चक्काजाम आंदोलन प्रशासन की त्वरित पहल के बाद स्थगित कर दिया गया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश तथा निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अधिवक्ताओं ने आंदोलन नहीं करने का निर्णय लिया।
अधिवक्ता संघ ने एनएच-343 की जर्जर सडक़ और अधूरे निर्माण कार्य को लेकर मंगलवार को चक्काजाम की घोषणा की थी। आंदोलन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी सक्रिय हुए। राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान, एसडीओपी कुसमी अलेक्सियूस टोप्पो और थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह मौके पर पहुंचे और अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की।
प्रशासन की पहल के बाद संबंधित ठेकेदार विजय सिंह द्वारा तत्काल निर्माण स्थल पर गिट्टी गिराई गई तथा जेसीबी मशीनें लगाकर काम शुरू कराया गया। मौके पर निर्माण कार्य शुरू होते देख अधिवक्ताओं ने अधिकारियों से चर्चा की। एसडीएम और एसडीओपी द्वारा कार्य को लेकर दिए गए आश्वासन के बाद संघ ने चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया।
प्रशासन और अधिवक्ता संघ के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बातचीत के बाद आंदोलन समाप्त हो गया।
इसके चलते एनएच-343 पर आवागमन भी प्रभावित नहीं हुआ और यातायात सामान्य रूप से संचालित होता रहा। इस दौरान अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जय गोपाल अग्रवाल, सुनील सिंह, उमेश झा, ओमप्रकाश गुप्ता सहित अन्य अधिवक्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।