बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 30 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत-विकसित भारत 2047’ विषय पर विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजगंज के सभा कक्ष में किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड रामचंद्रपुर के 48 संकुलों से छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का संचालन विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कुशवाहा ने किया। मुख्य अतिथि नगर पालिका रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैया लाल अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि शैलेश गुप्ता, पार्षद विकास गुप्ता और व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अरुण केसरी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, तकनीक, स्वावलंबन, विकास और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता के बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित चित्रकला एवं भाषण प्रतिभागियों को नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं विकासखंड स्तर से चयनित प्रतिभागियों को कैप, पेन एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति सोचने और अपने विचार व्यक्त करने का अवसर देती हैं। आयोजन को सफल बनाने में विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार कुशवाहा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी सहित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।