बलरामपुर

युवा कांग्रेस चुनाव का मतदान पूरा सामरी-रामानुजगंज में 35 हजार वोट दर्ज
30-Sep-2026 8:31 PM
युवा कांग्रेस चुनाव का मतदान पूरा सामरी-रामानुजगंज में 35 हजार वोट दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 30 सितंबर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के लिए 30 अगस्त से शुरू हुई ऑनलाइन मतदान प्रक्रिया 29 सितंबर को पूरी हो गई। बलरामपुर जिले के सामरी और रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्रों में कुल 34,977 वोट दर्ज किए गए। मतदान समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें परिणाम पर टिकी हैं।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सामरी विधानसभा क्षेत्र में 20,342 वोट दर्ज हुए, जबकि रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में 14,635 वोट पड़े। युवा कांग्रेस के इस संगठनात्मक चुनाव में पात्र सदस्यों ने ब्लॉक अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, जिला महासचिव, जिलाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव और प्रदेश अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन मतदान किया।

जिलाध्यक्ष पद पर राहुल गुप्ता और संतोष यादव के बीच मुकाबला

बलरामपुर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए राहुल गुप्ता और संतोष यादव के बीच मुकाबला बताया जा रहा है।

मतदान के दौरान दोनों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने कार्यकर्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने का प्रयास किया। अब परिणाम सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

सामरी में त्रिकोणीय मुकाबला

सामरी विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए संदीप यादव, नीतीश तिर्की और गौरव कुजूर मैदान में हैं। वहीं रामानुजगंज विधानसभा अध्यक्ष पद पर नजीम रजा और इंतखाफ अंसारी के बीच मुकाबला है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों के परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है।

मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब संगठनात्मक चुनाव के परिणाम की प्रतीक्षा है। परिणाम घोषित होने के बाद बलरामपुर जिले में युवा कांग्रेस के विभिन्न संगठनात्मक पदों पर चुने जाने वाले पदाधिकारियों की तस्वीर साफ होगी।


अन्य पोस्ट