बलरामपुर

22 हजार रिश्वत लेते नान का जिला प्रबंधक गिरफ्तार
29-Sep-2026 9:13 PM
22 हजार रिश्वत लेते नान का जिला प्रबंधक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 29 सितंबर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) अंबिकापुर की टीम ने मंगलवार को बलरामपुर स्थित संयुक्त जिला कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हडक़ंप मच गया।

एसीबी अधिकारी शरद सिंह के अनुसार, अंबिकापुर निवासी शिकायतकर्ता शिवराज सिंह ने जिला प्रबंधक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने आरोपी को रंगे हाथ पकडऩे के लिए ट्रैप की योजना बनाई।

योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता शिवराज सिंह को रिश्वत की रकम लेकर आरोपी जिला प्रबंधक के पास भेजा गया। जैसे ही विद्यासागर गोपाल ने शिकायतकर्ता से मांगी गई 22 हजार रुपये की रकम ली, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी को कार्यालय में ही अपने कब्जे में लेकर पूछताछ कर रही है। टीम द्वारा रिश्वत की रकम से संबंधित आवश्यक साक्ष्य और दस्तावेज भी जुटाए जा रहे हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। एसीबी अधिकारियों के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।


अन्य पोस्ट