बलरामपुर

विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने किया महतारी सदन का लोकार्पण, छठ घाट पर किया श्रमदान
29-Sep-2026 9:11 PM
विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने किया महतारी सदन का लोकार्पण, छठ घाट पर किया श्रमदान

बरियों में महिला सशक्तिकरण के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर/बरियों, 30 सितंबर। ग्राम बरियों में महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित ‘महतारी सदन’ का लोकार्पण किया और इसे ग्रामीणों को समर्पित किया।

महतारी सदन के शुरू होने से स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों को सामाजिक गतिविधियों के साथ विभिन्न आवश्यक आयोजनों के लिए एक सुव्यवस्थित मंच उपलब्ध होगा। लोकार्पण के बाद विधायक ने परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसके बाद सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के अंतर्गत छठ घाट परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया। विधायक श्रीमती पैकरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने हाथों में झाड़ू एवं सफाई उपकरण लेकर छठ घाट की सफाई की।

इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट