बलरामपुर

रामानुजगंज में फुटबॉल स्पर्धा, पांच मैदानों पर 120 टीमों का दमखम
26-Sep-2026 8:54 PM
रामानुजगंज में फुटबॉल स्पर्धा, पांच मैदानों पर 120 टीमों का दमखम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 26 सितंबर। युवाओं को खेलों से जोडऩे, ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में स्वर्गीय सूर्य प्रकाश नेताम स्मृति दिन सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की 120 स्थानीय टीमें हिस्सा ले रही हैं।

आयोजन समिति के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र में पहली बार एक साथ पांच अलग-अलग स्थानों पर इतने बड़े स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। लीग चरण के मुकाबले आरागाही, गम्हरिया, टीकीडीरी, जबर और गिरवरगंज के खेल मैदानों में खेले जा रहे हैं। इन पांच स्थानों पर क्रमश: 16, 24, 16, 32 और 32 टीमों ने भाग लिया है।

आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है। खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ उन्हें नशे एवं अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता में टीमों की एंट्री नि:शुल्क रखी गई है। साथ ही खिलाडिय़ों और टीमों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जोडक़र वृक्षारोपण का संदेश भी दिया जा रहा है।

विधानसभा खेल प्रभारी अश्विनी गुप्ता ने बताया कि लीग चरण के मुकाबले 28 सितंबर तक सभी निर्धारित खेल मैदानों में पूरे हो जाएंगे। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों की तैयारियां शुरू की जाएंगी।

फाइनल मुकाबले की तिथि और आयोजन स्थल का निर्धारण कर समिति द्वारा शीघ्र आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी। फाइनल के अवसर पर विजेता टीमों के साथ निर्धारित पुरस्कार श्रेणियों में चयनित खिलाडिय़ों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

विजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार

खिलाडिय़ों के उत्साहवर्धन के लिए प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा स्तरीय फाइनल मुकाबले के अवसर पर विजेता टीमों एवं निर्धारित श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

प्रथम पुरस्कार — 51,000, द्वितीय पुरस्कार — 31,000, तृतीय पुरस्कार — 15,000, चतुर्थ पुरस्कार — 11,000, बेस्ट गैर-प्लेयर अवॉर्ड — 7,000

आयोजन समिति का कहना है कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित करने का उद्देश्य उन्हें आगे भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।

फुटबॉल के साथ स्वास्थ्य सेवा का संदेश

प्रतियोगिता के दौरान पांचों खेल मैदानों में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए गए। शिविर में लोगों की सहमति से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और ब्लड ग्रुप की जांच की गई। सहमति देने वाले लोगों के ब्लड ग्रुप की डायरेक्टरी भी तैयार की जा रही है, जिसे फाइनल मुकाबले के अवसर पर बलरामपुर के शासकीय ब्लड बैंक को सौंपने की योजना है। इस पहल के जरिए खेल के साथ स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सेवा का संदेश देने का प्रयास किया गया है।

सेवा संकल्प अभियान से भी जोड़ा गया आयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पांचों खेल मैदानों में दीप प्रज्वलन एवं केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों और खेलप्रेमियों सहित बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

सामूहिक प्रयास से आयोजन को मिल रही सफलता

आयोजन में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, उनकी धर्मपत्नी पुष्पा नेताम तथा समिति के अध्यक्ष मनीष सिंह नेताम संरक्षक सदस्य के रूप में मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। प्रतियोगिता के समन्वयक बलवंत सिंह, संयोजक भानु प्रकाश दीक्षित, सह-संयोजक मुंशी राम तथा विधानसभा स्तरीय आयोजन समिति के अध्यक्ष कृष्णा सिंह हैं।

रामानुजगंज मंडल समिति के अध्यक्ष सिद्धांत यादव, महावीरगंज मंडल समिति के अध्यक्ष राजकुमार यादव, सनवाल मंडल समिति के अध्यक्ष रामविचार सिंह, डोरा मंडल समिति के अध्यक्ष देवनंदन काशी एवं बलरामपुर मंडल समिति के अध्यक्ष रूपेश सिंह सहित विभिन्न मंडल एवं विधानसभा स्तरीय समितियों के पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।


अन्य पोस्ट