बलरामपुर

वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त
26-Sep-2026 8:54 PM
वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 26 सितंबर। वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार वाजपेयी के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को विफल करते हुए ट्रैक्टर और कल्टीवेटर जब्त किया है। मामले में वन अपराध दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को शाम करीब 4 बजे वन परिक्षेत्र राजपुर के अंतर्गत वन अमला गश्त पर था। इसी दौरान बीट लाऊ के कक्ष क्रमांक पी-2844 में करीब एक हेक्टेयर वन भूमि पर जॉन डियर ट्रैक्टर मॉडल 5105 से अवैध रूप से जुताई कर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। वन अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और कल्टीवेटर को जब्त कर लिया।

जब्त बिना नंबर के जॉन डियर ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये, जबकि कल्टीवेटर की कीमत करीब सात हजार रुपये बताई गई है। वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) एवं 33(1)(ग) के तहत वन अपराध दर्ज किया है। प्रकरण में गिरफ्तार दामोदरपुर निवासी विश्वनाथ खलखो, पिता बौधा से पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट