बलरामपुर

हाईवे पर सनरूफ और दरवाजे खोलकर स्टंट, कार चालक पर केस
24-Sep-2026 7:43 PM
हाईवे पर सनरूफ और दरवाजे खोलकर स्टंट, कार चालक पर केस

सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने के बाद बलरामपुर पुलिस ने की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर/राजपुर, 24 सितंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार के दरवाजे और सनरूफ खोलकर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया और स्थानीय समाचार पत्रों में वीडियो व तस्वीरें सामने आने के बाद बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता  और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार घटना 19 सितंबर की है। बलरामपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-343 स्थित नगर सेना तिराहा (सेमली) के पास महिंद्रा एक्सयूवी-700 क्रमांक सीजी 30 एफ 7388 का चालक अपने चार साथियों के साथ खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था। चालक सुनील गुप्ता निवासी ग्राम अधौरा, थाना बलरामपुर ने वाहन के चारों दरवाजे और सनरूफ खोल रखे थे। इस दौरान वाहन में सवार युवक बाहर निकलकर हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे।

कार सवारों की इस तरह की स्टंटबाजी से उनकी जान के साथ-साथ हाईवे पर आवागमन कर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ स्थानीय समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुईं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बलरामपुर पुलिस ने वाहन चालक सुनील गुप्ता के खिलाफ थाना बलरामपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 194(बी)(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट