बलरामपुर

सडक़ हादसों की रोकथाम पर अंतरविभागीय बैठक, ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे संकेतक
24-Sep-2026 7:43 PM
सडक़ हादसों की रोकथाम पर अंतरविभागीय बैठक, ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे संकेतक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 24 सितंबर। क्षेत्र में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और राष्ट्रीय राजमार्ग के लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से बुधवार को थाना राजपुर परिसर में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, यातायात और पीएमजीएसवाई के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में राजपुर एसडीएम, शंकरगढ़ एसडीएम और एसडीओपी की मौजूदगी में सडक़ सुरक्षा और मार्गों के सुधार को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। राजपुर एसडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सडक़ों के लंबित निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के दौरान यातायात और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

अधिकारियों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और सांकेतिक संकेतक लगाने का निर्णय लिया। इससे वाहन चालकों को तीखे मोड़, आबादी वाले क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों की जानकारी पहले से मिल सकेगी।

सडक़ के दोनों किनारों पर उगी झाडिय़ों और अनावश्यक पेड़-पौधों की नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों का मानना है कि इससे वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई देंगे और ब्लाइंड स्पॉट के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। सडक़ किनारे यातायात में बाधा बनने वाले अवैध कब्जों और अन्य गतिविधियों को हटाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में युवाओं और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी सहमति बनी। बैठक में यातायात विभाग के रक्षित निरीक्षक, राजपुर, कुसमी और शंकरगढ़ के थाना प्रभारी, बरियो चौकी प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि सडक़ सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे।


अन्य पोस्ट