बलरामपुर
राजपुर, 23 सितंबर। राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा समिति राजपुर के तत्वावधान में खुटहनपारा स्थित सरना स्थल पर विशाल करमा पूजा एवं करमा पर्व का आयोजन आस्था, परंपरा और उल्लास के साथ किया गया। आयोजन में आदिवासी समाज के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सुबह 10 बजे सरना स्थल पर करम वृक्ष के समक्ष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ। पाहन-पुजारी मटरू राम लकड़ा एवं रामसाय लकड़ा ने विधि-विधान से करम देव की पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं को कर्मा पर्व की ऐतिहासिक परंपरा, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक महत्व से जुड़ी कथा-कहानियां सुनाई गईं।
पूजा संपन्न होने के बाद पारंपरिक कर्मा नृत्य का आयोजन हुआ। माताओं और बहनों ने पारंपरिक वेशभूषा में करम वृक्ष के चारों ओर मांदर और झांझ की थाप पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।
देर शाम तक चले आयोजन में पूरा क्षेत्र लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य से गूंजता रहा।
संस्कृति और एकता का दिया संदेश
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कर्मा पर्व प्रकृति, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने नई पीढ़ी को आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोडऩे का आह्वान किया।
समारोह में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत, नगर पंचायत कुसमी अध्यक्ष राजेंद्र भगत, लघु वनोपज जिला अध्यक्ष लालसाय मिंज सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।