बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 23 सितंबर। आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बुधवार को राजपुर स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं और शिक्षा से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
मंत्री नेताम ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियों के संबंध में बातचीत करते हुए छात्रावास में उपलब्ध संसाधनों की भी जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं की आवश्यकताओं और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने अधिकारियों को छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिले और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने भी अपनी आवश्यकताओं और पढ़ाई से संबंधित विषयों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव सहित आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।