बलरामपुर
सवा लाख जुर्माना वसूला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर/राजपुर, 22 सितंबर। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नाबालिगों के वाहन चलाने की प्रवृत्ति रोकने के लिए बलरामपुर पुलिस ने जिले में विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर आईजी सरगुजा रेंज दीपक झा के मार्गदर्शन तथा एसपी वैभव बैंकर और एएसपी विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के पहले चरण की शुरुआत 30 जुलाई से की गई थी। इस दौरान जिले के थाना और चौकी क्षेत्रों के शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा कोचिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नाबालिगों को वाहन नहीं देने की समझाइश दी गई।
इसके बाद दूसरे चरण में पुलिस ने जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया। यातायात पुलिस और थाना-चौकी स्तर पर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 83 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1 लाख 23 हजार 500 रुपये समन शुल्क वसूला गया। साथ ही संबंधित अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी गई।
समझाइश के बावजूद नाबालिगों को वाहन उपलब्ध कराने के मामलों में अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
थाना रामानुजगंज के दो, यातायात बलरामपुर के दो और चौकी वाड्रफनगर के दो, कुल छह मामलों में वाहन जब्त कर अभिभावकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ प्रकरण न्यायालय में पेश किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मोटर यान अधिनियम की धारा 199(क) के तहत नाबालिग द्वारा वाहन चलाए जाने की स्थिति में माता-पिता अथवा वाहन स्वामी के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। इसमें 25 हजार रुपये तक जुर्माना और तीन वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
बलरामपुर पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें और उन्हें वाहन उपलब्ध न कराएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सडक़ हादसों की रोकथाम और नाबालिगों के वाहन चलाने पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।