बलरामपुर

जंगली सुअर के शिकार के लिए जाल बिछाने वाले 2 बंदी
20-Sep-2026 8:48 PM
जंगली सुअर के शिकार के लिए जाल बिछाने वाले 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 20 सितंबर। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के कनकपुर गांव में जाल बिछाकर जंगली सुअर का शिकार करने के आरोप में वन विभाग की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी जंगल में जाल बिछाकर जंगली सुअर के फंसने का इंतजार कर रहे थे। उनका उद्देश्य शिकार किए गए सुअर के मांस का सेवन करना बताया गया है।

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कनकपुर क्षेत्र के जंगल में कुछ लोग वन्यजीव के शिकार के लिए जाल बिछाकर बैठे हैं। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। टीम को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वनकर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से जंगली सुअर के शिकार में इस्तेमाल किए जाने वाले जाल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। वन विभाग ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया।

प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग ने क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही है।


अन्य पोस्ट