बलरामपुर
राजपुर, 20 सितंबर। ग्राम पंचायत कोटपाली स्थित पंचायत भवन के समीप अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। बैठक में महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, जिलाध्यक्ष व्यासमुनि यादव और कार्यकारी अध्यक्ष रामधार यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में समाज के उत्थान, संगठन को मजबूत करने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, नशाबंदी को बढ़ावा देने और बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने समाज के लोगों से शिक्षा, सकारात्मक सोच और एकजुटता के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया।
जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग का संकल्प- महासभा के जिला महामंत्री राजेश यादव ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब परिवार की बेटी के विवाह में बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए सामूहिक रूप से आगे आने की अपील की। बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने संगठन का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की। श्रीमती आशा यादव को जिला महासचिव (महिला प्रकोष्ठ), राम लखन यादव को जिला उपाध्यक्ष, अर्जुन यादव को जिला सचिव, बसंत यादव को नगर अध्यक्ष बलरामपुर और राजेश यादव भवानीपुर को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष सुमेश्वर यादव ने किया। इस दौरान जयलाल यादव, तिलदेव यादव, भोला यादव, सत्यनारायण यादव, सतदेव यादव, विनय यादव, चंदन यादव, विनोद यादव, प्रमोद यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।