बलरामपुर

सरगुजा ओलंपिक में ग्रामीण प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम
20-Sep-2026 8:42 PM
सरगुजा ओलंपिक में ग्रामीण प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम

ब्लॉक स्तर स्पर्धा का समापन, विजेता खिलाड़ी जिला स्तरीय स्पर्धाओं में

राजपुर, 20 सितंबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक महुआपारा के खेल मैदान में 16 से 19 सितंबर तक आयोजित चार दिवसीय ब्लॉक स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शनिवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में ग्रामीण और स्कूली स्तर के खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेल विधाओं में प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, धरम सिंह, प्रवीण अग्रवाल, शिवनाथ जायसवाल, मुकेश गुप्ता और जगवंशी यादव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाडिय़ों ने 100, 200 व 400 मीटर दौड़, रिले दौड़, गोला फेंक, रस्साकशी, कबड्डी, खो-खो, तवा फेंक, भाला फेंक, ऊंची कूद और लंबी कूद सहित 12 खेल विधाओं में हिस्सा लिया। विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाडिय़ों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर मिल रहा है। उन्होंने खिलाडिय़ों से निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। एसडीएम एवं नोडल अधिकारी देवेंद्र प्रधान ने भी खिलाडिय़ों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच रस्साकशी का दोस्ताना मुकाबला भी हुआ, जिसमें शासन की टीम ने जीत दर्ज की।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे, बीईओ जेआर नागदेव सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मंच संचालन शिक्षक रामरतन ने किया।

सरगुजा ओलंपिक के अगले चरण में बलरामपुर में जिला स्तरीय हॉकी और कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।


अन्य पोस्ट