बलरामपुर
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने रखी आधारशिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिला मुख्यालय बलरामपुर में नवीन शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन किया गया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन की आधारशिला रखी। 60 सीटों वाले इस नर्सिंग महाविद्यालय का भवन मरियम पारा में आवंटित 2 एकड़ 80 डिसमिल भूमि पर बनाया जाएगा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नर्सिंग महाविद्यालय के शुरू होने से जिले में स्वास्थ्य शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। अब तक जिले के विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन महाविद्यालय शुरू होने के बाद उन्हें अपने ही जिले में बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां से प्रशिक्षित युवा स्वास्थ्य सेवाओं से जुडक़र ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने में योगदान देंगे।
मंत्री ने नर्सिंग को मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि यह महाविद्यालय जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों को शिक्षा के साथ सम्मानजनक रोजगार और समाज सेवा का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए नर्सिंग कॉलेज को सेवा संकल्प अभियान की भावना से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव, गौतम सिंह, गोपाल मिश्रा, अजीत सिंह, विजय प्रताप सिंह, स्वर्णलता प्रीतम, मुकेश गुप्ता, एस.एन. चौबे सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग से सीएमएचओ डॉ. विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित रहीं।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि नर्सिंग महाविद्यालय जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सशक्त माध्यम बनेगा। विशेष रूप से जिले की बेटियों को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आगे बढऩे और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि नर्सिंग प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों के लिए रोजगार के अवसर केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घरों में बुजुर्गों और मरीजों की देखभाल के क्षेत्र में भी अवसर उपलब्ध होंगे।
कलेक्टर ने नागरिकों और महिलाओं से महाविद्यालय का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में सीटों की संख्या 60 से बढ़ाकर 100, 150 और 200 तक किए जाने की दिशा में प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक बेटी की शिक्षा उसके परिवार के साथ पूरे समाज के उत्थान का आधार बनती है।
8.68 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति, 8.12 करोड़ में निर्माण अनुबंध
चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 24 अक्टूबर 2025 को नर्सिंग कॉलेज भवन निर्माण के लिए 868.35 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई थी। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने 25 फरवरी 2026 को 812.30 लाख रुपये की लागत से निर्माण का अनुबंध किया है। निर्माण कार्य को 18 माह में, यानी 25 अगस्त 2027 तक पूरा किया जाना है।
डीपीआर के अनुसार नर्सिंग कॉलेज भवन दो मंजिला होगा और इसका प्लिंथ एरिया 1287 वर्गमीटर रहेगा। भूमि समतलीकरण के बाद भवन की स्ट्रक्चरल ड्राइंग और डिजाइन भी तैयार हो चुकी है।
महाविद्यालय शुरू होने के बाद बलरामपुर-रामानुजगंज सहित आसपास के आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को जिला चिकित्सालय में व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा। वहीं घर के पास नर्सिंग की पढ़ाई की सुविधा मिलने से परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध होने से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।