बलरामपुर
कृषि मंत्री नेताम ने रक्तदाताओं को किया सम्मानित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर,17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 17 सितंबर को जिला चिकित्सालय बलरामपुर में रक्तदान महादान अभियान का आयोजन किया गया। शिविर में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं से आत्मीय चर्चा कर उनके अनुभव जाने तथा कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी सहित रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
रेडक्रॉस सोसायटी एवं दीनहीन सेवा समिति के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर कृषि मंत्री नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित है। उनकी सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर देशभर में जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री नेताम ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद को नया जीवन देने के साथ उसके परिवार की खुशियां भी लौटा सकता है। उन्होंने मितानिन दीदियों एवं महिलाओं से भी समय-समय पर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं में एनीमिया की समस्या अधिक पाई जाती है, इसलिए रक्तदान से पहले स्वास्थ्य जांच आवश्यक है। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य जांच के बाद रक्तदान के लिए उपयुक्त पाए जाने वाले व्यक्तियों से ही रक्तदान कराया जाए।कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत एवं जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, मितानिन एवं एएनएम भी मौजूद रहीं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस रक्तदान शिविर में जिलेवासियों ने सहभागिता निभाकर सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश दिया।