बलरामपुर

मवेशी तस्करी : फरार दो आरोपी गिरफ्तार
15-Sep-2026 9:06 PM
मवेशी तस्करी : फरार दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 15 सितंबर। चौकी बलंगी, थाना रघुनाथनगर पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा गया।

पुलिस के अनुसार 19 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सात पिकअप वाहनों में भैंस और भैंसियों को कथित रूप से क्रूरतापूर्वक भरकर बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। तस्करों के आगे एक सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार क्रमांक सीजी 30 जी 5161 रेकी करते हुए चल रही थी। सूचना पर बलंगी पुलिस ने चौकी गेट के सामने वाहन चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान कार के पीछे सात पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दो पिकअप वाहन जोगयानी पंचायत भवन की ओर जाने वाली कच्ची सडक़ पर मुडक़र भागने लगे, जबकि पांच अन्य वाहन भी पीछे की ओर मोडक़र फरार होने लगे। पुलिस ने पीछा कर एमपी 66 जेडएफ 2498 और एमपी 53 जेडडी 3982 नंबर के दो पिकअप वाहनों को घेराबंदी कर पकड़ा। हालांकि, दोनों के चालक मौके पर वाहन छोडक़र फरार हो गए।

जांच के दौरान दोनों पिकअप वाहनों में सात-सात भैंस/भैंसी को चारों पैर और सींग बांधकर कथित रूप से क्रूरतापूर्वक भरा पाया गया। पुलिस ने वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ धारा 111(1), 111(2) बीएनएस, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया था।

 विवेचना के दौरान मामले के कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि अन्य आरोपी फरार थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

इसी क्रम में 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने अब्दुल जलील पिता गफ्फार बक्स, निवासी उमरहर, थाना जियावन, जिला सिंगरौली (मप्र) तथा बबलू उर्फ मोहम्मद हुसैन पिता अब्दुल कादिर, निवासी धवई (घोड़धर), थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली के ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में अब्दुल जलील ने अपने पिकअप वाहन से घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार उक्त वाहन थाना सरई के अपराध क्रमांक 725/26 में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत जब्त होकर थाना सरई में खड़ा है। दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट