बलरामपुर

सेना भर्ती के लिए 43 युवाओं को निशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग
14-Sep-2026 8:28 PM
सेना भर्ती के लिए 43 युवाओं को निशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग

जनवरी 2027 में प्रस्तावित भर्ती परीक्षा की तैयारी, शंकरगढ़ मैदान में युद्धस्तर पर तैयार हो रहा रनिंग ट्रैक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 14 सितंबर। भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा का सपना देख रहे बलरामपुर जिले के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेना भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके जिले के 43 अभ्यर्थियों को लक्ष्य शिक्षण संस्थान द्वारा पूरी तरह निशुल्क फिजिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा। जनवरी 2027 में प्रस्तावित सेना भर्ती के फिजिकल टेस्ट को ध्यान में रखते हुए शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल शंकरगढ़ के मैदान में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

सेना भर्ती के मानकों के अनुरूप तैयार हो रहा मैदान

मैदान को सेना भर्ती के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव और पूर्व सैनिक मंगलेश्वर यादव स्वयं मैदान में जुटे हुए हैं। रनिंग ट्रैक पर उगी बड़ी घास को हटाने के लिए रासायनिक दवाओं का छिडक़ाव किया जा रहा है। आगामी दो-तीन दिनों में मैदान को पूरी तरह तैयार कर प्रशिक्षण सत्र शुरू करने की तैयारी है।

संसाधनों की कमी से नहीं रुकेगा चयन का सपना

संस्थान के संचालक सुदर्शन यादव ने बताया कि लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करना भर्ती की पहली चुनौती है, जबकि इसके बाद फिजिकल टेस्ट बेहद महत्वपूर्ण होता है। ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्रतिभावान युवा उचित मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में अंतिम चरण में पीछे रह जाते हैं। इसी को देखते हुए संस्थान ने सभी 43 सफल अभ्यर्थियों को निशुल्क प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को सेना की अंतिम चयन सूची तक पहुंचाना है।

पूर्व सैनिक मंगलेश्वर यादव और अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़, बीम (पुल-अप्स), 9 फीट डिच और जिग-जैग बैलेंसिंग सहित फिजिकल टेस्ट के विभिन्न इवेंट्स का अभ्यास कराएंगे। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को खान-पान, फिटनेस और सैन्य अनुशासन से संबंधित जरूरी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

प्रशिक्षण को चार चरणों में बांटा गया है। अभ्यर्थियों को सुबह, दोपहर, शाम और रात में अभ्यास कराया जाएगा। भर्ती रैलियों में मध्यरात्रि के बाद भी दौड़ आयोजित होने की स्थिति को देखते हुए रात में अभ्यास पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए मैदान में पर्याप्त फ्लड लाइट की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अभ्यर्थी अलग-अलग समय और परिस्थितियों में अभ्यास कर सकें।


अन्य पोस्ट