बलरामपुर
फार्मासिस्टों के हित और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 14 सितंबर। अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने संगठन को संभाग और प्रदेश स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकारिणी का विस्तार किया है। संगठन ने सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय उदय पण्डो और रूपेश यादव को सरगुजा संभाग की जिम्मेदारी सौंपते हुए संभाग अध्यक्ष नियुक्त किया है।
संगठन की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में नवनियुक्त पदाधिकारियों से फार्मासिस्ट संवर्ग के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों की बहाली तथा संगठन की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की अपेक्षा की गई है।
उदय पण्डो वर्तमान में सर्व विशेष पिछड़ी जनजाति के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें सरगुजा संभाग में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं रूपेश यादव लंबे समय से छात्र राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वे एनएसयूआई के बलरामपुर जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि दोनों नवनियुक्त संभाग अध्यक्षों के अनुभव और सक्रियता से सरगुजा संभाग में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही फार्मासिस्टों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
नियुक्ति पर उदय पण्डो और रूपेश यादव ने संगठन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
उन्होंने सरगुजा संभाग के फार्मासिस्टों को संगठन से जोडऩे तथा उनके अधिकार और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।