बलरामपुर
6.80 लाख का माल बरामद, लकड़ी तस्करी के नेटवर्क का खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर (बलरामपुर),10 सितंबर। वन सुरक्षा को लेकर वन विभाग की टीम ने देर रात गश्त के दौरान अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साल चिरान से भरी गाड़ी को जब्त किया है। कार्रवाई में मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग के अनुसार पूछताछ में लकड़ी तस्करी से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक वाजपेयी के निर्देश और उप वनमंडलाधिकारी राजपुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने 9 सितंबर की रात राजपुर-ओंकरा-धौरपुर-करदोनी मार्ग पर घेराबंदी की। रात करीब 11.30 बजे टीम ने संदिग्ध रूप से गुजर रहे वाहन क्रमांक यूपी टी 64 बीटी 3521 को रोककर तलाशी ली। वाहन से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 80 नग साल चिरान, जिसकी मात्रा 1.209 घनमीटर बताई गई है, बरामद हुई।
वन विभाग ने वाहन और लकड़ी को जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये और साल चिरान की कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में संबंधित वन अधिनियमों और वनोपज परिवहन एवं काष्ठ चिरान नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंजय टोप्पो पिता जयमल टोप्पो, निवासी ग्राम करदोनी, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पटना-शंकरगढ़ क्षेत्र के कैलाश कोड़ाकू, सोनू, अंतू समेत करीब 15 ग्रामीणों से 400 रुपये प्रति नग की दर से 80 नग चौखट की लकड़ी खरीदी थी।
लकड़ी को करदोनी स्थित अपने घर ले जाकर आसपास के गांवों में करीब 600 रुपये प्रति नग की दर से बेचने की तैयारी थी। वन विभाग के अनुसार, गिरोह में जंगल से पेड़ काटने और अवैध रूप से चिराई करने वाले लोगों का अलग-अलग नेटवर्क सक्रिय है।
आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और अवैध कटाई में शामिल ग्रामीणों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।