बलरामपुर
बलरामपुर,10 सितंबर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आकांक्षी विकासखंड शंकरगढ़ में क्षय रोग की रोकथाम, शीघ्र पहचान, उपचार और जनजागरूकता को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत चिन्हांकित मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ दवा सेवन की निरंतरता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों के घर तक पहुंचकर आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा रही हैं। साथ ही मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। स्वास्थ्य अमले द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी कारण से मरीज का उपचार बीच में न छूटे।
शंकरगढ़ विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैली, जनसंपर्क और अन्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षणों की जानकारी दी जा रही है। नागरिकों को लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा उपचार लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही टीबी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और भेदभाव की भावना को दूर करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित विभागों और मैदानी अमले को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य शंकरगढ़ क्षेत्र में टीबी की जांच और उपचार की पहुंच को और मजबूत करना है।
स्वास्थ्य विभाग के साथ स्थानीय प्रशासन, मैदानी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।