बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,8 सितंबर। क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रामानुजगंज इकाई एवं विद्यालयीन विद्यार्थियों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने समस्याओं का तत्काल निराकरण करते हुए तीन दिवस के भीतर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में हायर सेकेंडरी स्कूल जामवंतपुर में हेल्थ केयर एवं कंस्ट्रक्शन विषय की पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध नहीं होने, स्मार्ट क्लास का नियमित संचालन नहीं होने तथा परीक्षा शुल्क में अत्यधिक वृद्धि का मुद्दा उठाया गया। विद्यार्थियों ने कहा कि आवश्यक पाठ्य-सामग्री और शैक्षणिक सुविधाएं नहीं मिलने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
अभाविप ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर विद्यार्थियों के हित में आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।