बलरामपुर

शिक्षक दिवस पर 21 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित
06-Sep-2026 8:45 PM
शिक्षक दिवस पर 21 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित

मंत्री नेताम ने कहा—शिक्षक पीढ़ी के चरित्र और सोच का निर्माता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 6 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला नहीं, बल्कि एक पीढ़ी के चरित्र और सोच का निर्माता होता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में गुरुजनों का योगदान अमूल्य है। माता-पिता संतान को जन्म देते हैं, लेकिन उसे सही दिशा देने और भविष्य गढऩे में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयास विद्यालय और नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना कर रही है।

कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी ने शिक्षक को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों पर ऐसा प्रभाव डालें, जिससे वे आगे चलकर समाज के लिए मिसाल बनें।

समारोह में जिले के विभिन्न विकासखंडों के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को ज्ञानदीप एवं शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ज्ञानदीप पुरस्कार में शासकीय माध्यमिक शाला कोरवापारा के श्याम सुन्दर चौरगे को प्रथम, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डौरा की नीलीमा एक्का को द्वितीय तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिरई के प्रधान पाठक जवाहर लाल पैकरा को तृतीय पुरस्कार मिला। वहीं 18 शिक्षकों को शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट