बलरामपुर
जल्द मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 3 सितंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 की जर्जर हालत और सडक़ पर बने जानलेवा गड्ढों, कीचड़ व जलभराव की समस्या को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सडक़ के बीच प्रतीकात्मक रूप से ‘बेशरम का पौधा’ रोपकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एनएच-343 क्षेत्र के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव के अभाव में इसकी स्थिति खराब हो गई है। बारिश के दौरान सडक़ के गड्ढों में पानी व कीचड़ भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों के आवागमन पर भी इसका असर पड़ रहा है। सडक़ निर्माण व मरम्मत में हो रही देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि सडक़ की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के मंत्री, सांसद और विधायक भी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों की कथित उदासीनता के विरोध में सडक़ पर ‘बेशरम का पौधा’ रोपकर प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया है।
तिवारी ने कहा कि यदि जल्द ही एनएच-343 के मरम्मत और निर्माण का काम शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ पर बैठ गए और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे कुछ समय के लिए चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई और सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजपुर पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
प्रदर्शन में लालसाय मिंज, सुभाष अग्रवाल, डोमेनिक एक्का, सतेंद्र पांडेय, बृजेश मिश्रा, पीएन विश्वास, विद्यानंद दुबे, रामबिहारी यादव, नारायण शांडिल्य, बबलू खान, आनंद मसी तिर्की, सुनील भगत, लोकेश शांडिल्य, विमल कुजूर, मुमताज अंसारी, रवि सोनी, सुरेश यादव, श्याम दास, कौशल चौबे, प्रमोद ठाकुर, आलोक सिंह, देवबली, नवीन एक्का, विकास यादव, अशोक यादव, पंकज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।