बलरामपुर

रामानुजगंज वनवाटिका के विकास को मिली 1.49 करोड़ की मंजूरी
02-Sep-2026 9:09 PM
रामानुजगंज वनवाटिका के विकास को मिली 1.49 करोड़ की मंजूरी

मंत्री रामविचार के प्रयासों से पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और ईको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 2 सितंबर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की प्राकृतिक संपदा और पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। रामानुजगंज स्थित वनवाटिका के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 149.70 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। वनवाटिका के विकास के लिए मिली इस बड़ी स्वीकृति से क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए एक बेहतर मनोरंजन एवं प्राकृतिक स्थल विकसित होने की उम्मीद बढ़ गई है।

इस संबंध में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि वनवाटिका के विकास के लिए उनके निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप यह प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के अनुरूप रामानुजगंज वनवाटिका को भी आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

बालवाटिका, जलवाटिका और सौंदर्य वाटिका का होगा विकास

स्वीकृत राशि से वनवाटिका में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें बालवाटिका, जलवाटिका एवं सौंदर्य वाटिका का विकास प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही वनवाटिका के प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए इसे अधिक आकर्षक, व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद वनवाटिका स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का नया केंद्र बन सकती है। परिवार के साथ समय बिताने, बच्चों के मनोरंजन तथा प्रकृति के बीच सुकून के पल गुजारने के लिए यह स्थल बेहतर विकल्प के रूप में विकसित होने की संभावना है।


अन्य पोस्ट