बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन पर बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वृद्ध आश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से पर्व मनाया। कलेक्टर ने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने वृद्धजनों को मिठाई खिलाई और उनसे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया। अपनों से दूर रह रहे वृद्धजनों के बीच पहुंचकर कलेक्टर ने उन्हें अपनत्व और परिवार जैसा स्नेह देने का संदेश दिया।
कलेक्टर की इस आत्मीय पहल से वृद्धजन भावुक नजर आए। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रशासनिक जिम्मेदारियों से इतर मानवीय संवेदनाओं का यह उदाहरण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
वृद्ध आश्रम में कलेक्टर के पहुंचने से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं को लेकर संवेदनशील है।
रक्षाबंधन के मौके पर कलेक्टर द्वारा वृद्धजनों के साथ पर्व मनाने की पहल को जिलेभर में सराहना मिल रही है। यह पहल समाज को यह संदेश भी देती है कि त्योहारों की खुशियां उन लोगों के साथ साझा करना चाहिए, जिन्हें अपनत्व और स्नेह की सबसे अधिक जरूरत है।