बलरामपुर

अरविंद ज्वेलर्स में लाखों की चोरी का खुलासा, बिहार से अंतरराज्यीय गिरोह के 7 बंदी
27-Aug-2026 10:00 PM
अरविंद ज्वेलर्स में लाखों की चोरी का खुलासा, बिहार से अंतरराज्यीय गिरोह के 7 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर/राजपुर, 27 अगस्त। बलरामपुर जिला के वाड्रफनगर मार्केट स्थित अरविंद ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का बलरामपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए बिहार के रोहतास जिले से अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।  जिसमें चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से 14.175 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां, घटना में प्रयुक्त पिकअप, मोटरसाइकिल, सब्बल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, अरविंद सोनी ने बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने शटर का लॉक तोडक़र दुकान में रखे करीब 20 किलोग्राम चांदी के जेवर, 50 ग्राम सोने के आभूषण, 10 किलोग्राम गिल्ट और 18 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन बिहार के रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में मिली। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी के नेतृत्व में चलगली थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बिहार रवाना की गई।

स्थानीय पुलिस की मदद से छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को पिकअप और मोटरसाइकिल से वाड्रफनगर पहुंचे थे और दो दिनों तक दुकान की रेकी करने के बाद शटर तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

60 हजार रुपये किलो में बेच दी थी चांदी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की चांदी दिनारा निवासी सुनील कुमार सोनी को 60 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने सुनील सोनी के घर दबिश दी, जहां चोरी की चांदी को गलाकर तैयार की गई 14.175 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की गईं।

पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार (21), शंभू डिहरी, शंकर चौधरी (55), नरेंद्र चौधरी (40), लीलू चौधरी (19), राजकुमार चौधरी (20), अंगद चौधरी (24) सभी जिला रोहतास (बिहार) तथा चोरी का माल खरीदने वाले सुनील कुमार सोनी (38),  रोहतास (बिहार)को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.175 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां, पिकअप वाहन क्रमांक बीआर 26 जीसी 3631, मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 15 केआर 7977, वारदात में प्रयुक्त सब्बल, मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।


अन्य पोस्ट