बलरामपुर

जर्जर स्कूल भवन और विद्या मितान के नियमितीकरण की मांग, सीएम से मिले शंकरगढ़ स्कूल के प्रतिनिधि
27-Aug-2026 9:59 PM
जर्जर स्कूल भवन और विद्या मितान के नियमितीकरण की मांग, सीएम से मिले शंकरगढ़ स्कूल के प्रतिनिधि

नवीन भवन की स्वीकृति का सीएम ने दिया आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बलरामपुर जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कर्रा प्रवास के दौरान शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय के नवीन भवन निर्माण सहित विद्या मितान (अतिथि शिक्षकों) के नियमितीकरण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार एक्का, अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव और सहायक शिक्षक (विज्ञान) अमितेश यादव ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल शंकरगढ़ का वर्तमान भवन वर्ष 1983 में निर्मित हुआ था, जो अब जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। विद्यालय में 520 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। भवन की खराब स्थिति के कारण नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करना मुश्किल हो गया है। वर्तमान में अतिरिक्त कक्षों और माध्यमिक शाला के कमरों का उपयोग करते हुए दो पालियों में विद्यालय संचालित किया जा रहा है।

अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव ने मुख्यमंत्री से नवीन विद्यालय भवन की आवश्यकता बताते हुए शीघ्र स्वीकृति की मांग की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही नवीन भवन की स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।

11 वर्षों से सेवा दे रहे विद्या मितान

मुलाकात के दौरान विद्या मितान के नियमितीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेशभर में 1500 से अधिक विद्या मितान पिछले 11 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं और नियमितीकरण की उम्मीद लगाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिथि शिक्षकों का मामला शासन के संज्ञान में है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार उनके हित में जल्द उचित निर्णय लेगी।

इस अवसर पर प्राचार्य सुशील कुमार एक्का, अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव, सहायक शिक्षक अमितेश यादव, अतिथि शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अमित सिन्हा, वीरेंद्र यादव और विश्वास मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट