बलरामपुर

शिव महापुराण कथा के समापन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने सुनीं कथा
25-Aug-2026 8:23 PM
शिव महापुराण कथा के समापन पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने सुनीं कथा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 25 अगस्त। सावन मास के अवसर पर काका लरंगसाय टाउन हॉल परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का सोमवार को भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा पंडाल पूरी तरह भर गया, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाहर और आसपास खड़े होकर कथा का श्रवण करते नजर आए।

समापन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने व्यास पीठ से आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। मंत्री नेताम ने कहा कि उनकी इच्छा पत्नी के साथ स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित होने की थी, लेकिन लगातार बारिश और आवश्यक कार्यों के चलते वे आयोजन में पहुंच नहीं सके। उन्होंने सात दिवसीय धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं।

श्रीधाम वृंदावन से पहुंचे कथावाचक पंडित कुंज बिहारी जी महाराज ने कथा के अंतिम दिन भी भगवान शिव की महिमा और शिव महापुराण के प्रसंगों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। कथा के दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे और भक्ति में लीन नजर आए।

श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल आयोजन समिति के सदस्यों और नगरवासियों के साथ व्यवस्थाओं में जुटे रहे। श्रद्धालुओं के बैठने, आवागमन और कथा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार व्यवस्थाएं संभाली गईं।

सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समापन दिवस पर उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ ने भगवान शिव के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था को प्रदर्शित किया। कथा के समापन के साथ ही रामानुजगंज का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया और चारों ओर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।


अन्य पोस्ट