बलरामपुर

यादव समाज से सार्वजनिक माफी मांगें अजय चंद्राकर - राजेश यादव
24-Aug-2026 9:57 PM
यादव समाज से सार्वजनिक माफी मांगें अजय चंद्राकर - राजेश यादव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 24 अगस्त। यादव समाज को लेकर दिए गए बयान पर विरोध के बाद विधायक अजय चंद्राकर द्वारा खेद व्यक्त किए जाने के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि केवल खेद व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है। यदि बयान से यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो अजय चंद्राकर को सार्वजनिक रूप से समाज से माफी मांगनी चाहिए।

राजेश यादव ने कहा कि युवा कांग्रेस का संगठनात्मक चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। चुनाव लडऩा, नेतृत्व का चयन करना और संगठन में अपनी भूमिका तय करना कार्यकर्ताओं का अधिकार है। इसे किसी समाज विशेष से जोडऩा उचित नहीं है। राजनीतिक और संगठनात्मक विवाद अपनी जगह हैं, लेकिन समाज के सम्मान और स्वाभिमान को राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए।

खेद और माफी में अंतर

राजेश यादव ने कहा कि अजय चंद्राकर ने अपने बयान को लेकर स्पष्टीकरण देते हुए यादव समाज की भावनाएं आहत होने पर खेद जताया है, लेकिन खेद व्यक्त करना और सार्वजनिक माफी मांगना अलग-अलग बातें हैं। यदि किसी सार्वजनिक बयान से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो संवेदनशीलता दिखाते हुए स्पष्ट रूप से माफी मांगना उचित होगा।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध या संगठनात्मक प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र का हिस्सा है।

 लेकिन राजनीतिक मुद्दों को समझाने के लिए किसी समाज या उसके आराध्य से जुड़े प्रसंग का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। यादव समाज अपने सम्मान और सामाजिक स्वाभिमान को लेकर सजग है।


अन्य पोस्ट