बलरामपुर

सर्राफा एसो. ने कलेक्टर को सौंपा पीएमओ के नाम ज्ञापन
22-Aug-2026 8:51 PM
सर्राफा एसो. ने कलेक्टर को सौंपा पीएमओ के नाम ज्ञापन

 भ्रामक विज्ञापनों पर रोक की मांग

बलरामपुर-रामानुजगंज, 22 अगस्त। सर्राफा एसोसिएशन जिला बलरामपुर-रामानुजगंज की ओर से आज प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को संबोधित एक महत्वपूर्ण ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से बड़े ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूमों द्वारा किए जा रहे कथित भ्रामक विज्ञापनों, आकर्षक प्रलोभनों और व्यापारिक विसंगतियों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित कराया गया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान राजेश सोनी (जिला प्रमुख एवं अध्यक्ष, सर्राफा एसोसिएशन इकाई रामानुजगंज), रोशन लाल मणि (जिला महामंत्री एवं अध्यक्ष, सर्राफा एसोसिएशन इकाई बलरामपुर), दीपक कुमार (संरक्षक सदस्य) एवं अजय सोनी (संरक्षक) सहित सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी संस्था या ब्रांड का विरोध करना नहीं है, बल्कि  ‘वोकल फॉर लोकल ’ और  ‘आत्मनिर्भर भारत ’ की भावना को मजबूत करते हुए स्थानीय सर्राफा व्यापारियों और स्वर्ण कारीगरों के हितों की रक्षा करना है। एसोसिएशन ने ज्ञापन में स्वर्ण आभूषणों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र जांच व्यवस्था लागू करने,  ‘सस्ता सोना ’ और  ‘जीरो मेकिंग चार्ज ’ जैसे भ्रामक विज्ञापनों पर प्रभावी रोक लगाने तथा पूरे देश में समान और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की।

इसके साथ ही स्वर्ण कारीगरों के संरक्षण एवं उनके सामाजिक-आर्थिक हितों के लिए  ‘स्वर्ण कल्याण बोर्ड ’ के गठन तथा सर्राफा व्यापार से जुड़े कानूनी प्रावधानों को सरल और व्यावहारिक बनाने की मांग भी रखी गई।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय सर्राफा व्यापारी वर्षों से ग्राहकों के साथ विश्वास, गुणवत्ता और पारदर्शिता के आधार पर अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। ऐसे में सरकार द्वारा सकारात्मक कदम उठाए जाने से न केवल स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलेगी, बल्कि पीढिय़ों से इस व्यवसाय से जुड़े स्वर्ण कारीगरों की आजीविका भी सुरक्षित रह सकेगी।


अन्य पोस्ट