बलरामपुर
रामानुजगंज, 22 अगस्त। रामानुजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भवरमाल में शनिवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब 21 वर्षीय युवक का शव घर के सामने फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने रामानुजगंज पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सूरज सिंह शुक्रवार रात सामान्य रूप से घर में सोया था। शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब परिजन उठे तो घर के सामने युवक का शव फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलने पर रामानुजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस द्वारा युवक के हालिया व्यवहार, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार युवक के शराब सेवन करने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन करने और फांसी लगाने का प्रयास किया था। हालांकि इन पूर्व घटनाओं और शनिवार की घटना के बीच क्या संबंध है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।