बलरामपुर

बैल मारने के आरोप में 4 बंदी
20-Aug-2026 8:42 PM
बैल मारने के आरोप में 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज, 20 अगस्त। चौकी डिंडो, थाना त्रिकुंडा पुलिस ने बैल को मारकर खाने के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बैकुण्ठपुर निवासी दशरथ सिंह ने चौकी डिंडो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब एक माह पूर्व उन्होंने अपना एक बैल चराने के लिए रामगुलाब कोरवा को दिया था। 13 अगस्त को ग्राम महादेवपुर निवासी रामलोचन पंडो ने उन्हें जानकारी दी कि उनके बैल को रामगुलाब कोरवा सहित अन्य लोगों ने मारकर खा लिया है।

इसके बाद 18 अगस्त को दशरथ सिंह गांव के उदय सिंह, राजनारायण और भागवत पंडो के साथ रामगुलाब कोरवा के घर पहुंचे। ग्रामीणों की मौजूदगी में पूछताछ करने पर बैल को मारकर खाने की बात सामने आने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी डिंडो में धारा 399, 3(5) बीएनएस, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने रामगुलाब कोरवा (56), सुदर्शन कोरवा (58), रामप्रसाद कोरवा (57) और सम्पतिया कोरवा (41) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया जा रहा है।

 


अन्य पोस्ट