बलरामपुर

नाग पंचमी और सावन सोमवार पर मंत्री रामविचार नेताम ने की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं से की भेंट
18-Aug-2026 10:06 PM
नाग पंचमी और सावन सोमवार पर मंत्री रामविचार नेताम ने की पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं से की भेंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज,18 अगस्त। नाग पंचमी एवं श्रावण मास के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री रामविचार नेताम ने अपने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ एवं नागेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

नाग पंचमी के अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने ग्राम कालिकापुर स्थित पावन नागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान नागेश्वर की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना करते हुए सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। इसके पश्चात श्रावण मास की पावन सोमवारी के अवसर पर ग्राम तातापानी स्थित शिव मंदिर में भी उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंत्री ने मंदिर पहुंचे श्रद्धालु कांवडिय़ों के बीच प्रसाद का वितरण किया और उनसे आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।

वहीं, श्रावण मास के तृतीय सोमवार पर मंत्री रामविचार नेताम ने अपने गृह ग्राम सनावल स्थित आवासीय परिसर के श्री शिव मंदिर में सपरिवार भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

इस दौरान मंत्री ने श्रद्धालुओं एवं आमजनों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की और भेंट की। उन्होंने सभी को नाग पंचमी एवं श्रावण सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे और हर घर में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो।

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और आस्था का पावन पर्व है। ऐसे अवसर समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करते हैं।


अन्य पोस्ट