बलरामपुर
बचाने उतरी बहन भी डूबी, ग्रामीण ने बचाई जान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर/कुसमी,17 अगस्त। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर में तालाब में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। पति को डूबता देख उसे बचाने तालाब में उतरी पत्नी भी गहरे पानी में समा गई। दोनों को बचाने पहुंची पत्नी की बड़ी बहन भी डूबने लगी, लेकिन मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद मृतकों के घर में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार अमरपुर ग्राम पंचायत के आमादारा पाठ पारा निवासी मुनेश्वर नगेशिया (50) 14 अगस्त को अपनी बहन के घर ग्राम अमरठा गया था। इसकी जानकारी मिलने पर उसकी पत्नी घिरनी बाई (47) भी अपनी बड़ी बहन जशमति के साथ वहां पहुंची थी। 15 अगस्त की शाम तीनों पैदल जंगल के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे।
रास्ते में बडक़ा जोभी तालाब के पास पहुंचने पर मुनेश्वर ने तालाब में नहाने और मछली पकडऩे की बात कही। इसके बाद वह पानी में उतर गया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पत्नी घिरनी बाई उसे बचाने तालाब में कूद गई। वह भी गहरे पानी में डूबने लगी।
यह देख उसकी बड़ी बहन जशमति भी दोनों को बचाने तालाब में उतरी, लेकिन वह भी डूबने लगी। जशमति के शोर मचाने पर पास में मछली पकड़ रहे अर्जुन नगेशिया की नजर उस पर पड़ी। अर्जुन ने तत्काल पानी में उतरकर जशमति को बाहर निकाल लिया। हालांकि मुनेश्वर और घिरनी बाई की डूबने से मौत हो गई।
दूसरे दिन तालाब से निकाले गए शव
घटना की सूचना अर्जुन ने गांव के चौकीदार और सरपंच को दी। रात हो जाने के कारण पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी। रविवार को कुसमी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक दोनों के शव पानी की सतह पर आ चुके थे। ग्रामीणों की मदद से शवों को तालाब से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। शव वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी वाहन से शव कुसमी लाना पड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।