बलरामपुर

शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया पुरस्कृत
17-Aug-2026 4:22 PM
शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया पुरस्कृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,17 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासखंड राजपुर में देशभक्ति एवं उत्साह के साथ विकासखंड स्तरीय शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का आयोजन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर में किया गया।

जनपद पंचायत राजपुर के उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल की विशेष पहल एवं सहयोग से आयोजित समारोह में शैक्षणिक एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और उनके पालकों को सम्मानित किया गया। समारोह में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, अनिल दुबे, जनपद सदस्य सुमित्रा सांडिल्य, सरपंच मीना बाई, उपसरपंच सोनिया कुजूर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे सहित विकासखंड के प्राचार्य, संकुल समन्वयक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया गया। इसके बाद गोपालपुर विद्यालय परिसर में मुख्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों तथा प्रयास आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों का चयन कराने वाली शालाओं के प्राचार्यों एवं शिक्षकों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उत्कृष्ट परिणाम के लिए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान किया।

विकासखंड स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों के योगदान को देखते हुए उनके पालकों को भी शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में विकासखंड, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा देने का माध्यम है। क्षेत्र के बच्चों में अपार प्रतिभा है, उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है।


अन्य पोस्ट