बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,16 अगस्त। लगातार बारिश के कारण जिले की नदियां उफान पर हैं। इसी बीच सनवाल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचवाल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैंस को सुखड़ी नदी से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा 15 वर्षीय नाबालिग तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। करीब एक दिन तक चले खोजबीन अभियान के बाद रविवार सुबह किशोर का शव त्रिशूली और पचावल के बीच सुखड़ी नदी से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचवाल निवासी बीरेंद्र यादव शनिवार दोपहर भैंस चराने गया था। इसी दौरान एक भैंस सुखड़ी नदी में चली गई। बारिश के चलते नदी का जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ था और बहाव भी काफी तेज था। भैंस को बाहर निकालने के प्रयास में बीरेंद्र नदी की तेज धार में फंस गया और देखते ही देखते पानी के साथ बह गया।
हादसे के दौरान मौके से गुजर रही एक महिला की नजर किशोर पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण कोई भी उसकी मदद के लिए पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। तत्काल घटना की सूचना परिजनों और सनवाल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद नदी के आसपास के हिस्से में किशोर की तलाश शुरू की गई। बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू और खोजबीन में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस और ग्रामीण लगातार संभावित स्थानों पर तलाश करते रहे। करीब एक दिन की मशक्कत के बाद रविवार सुबह लगभग 7.30 बजे त्रिशूली और पचावल के बीच सुखड़ी नदी में बीरेंद्र का शव बरामद हुआ।
शव मिलने की सूचना मिलते ही सनवाल पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल भेज दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कई स्थानों पर पानी का बहाव खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि बारिश के दौरान उफनती नदियों और नालों को पार करने या उनके तेज बहाव में उतरने का जोखिम न उठाएं।