बलरामपुर

कृषि मंत्री ने बाबा बैजनाथ धाम कांवड़ सेवा शिविर का किया निरीक्षण, सेवादारों का बढ़ाया उत्साह
07-Aug-2026 9:40 PM
कृषि मंत्री ने बाबा बैजनाथ धाम कांवड़ सेवा शिविर का किया निरीक्षण, सेवादारों का बढ़ाया उत्साह

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 7 अगस्त। श्रावण मास में बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकलने वाले कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए रामानुजगंज में संचालित नि:शुल्क सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए राहत और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने रामानुजगंज प्रवास के दौरान सेवा शिविर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों एवं सेवादारों का उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष एवं बाबा बैजनाथ धाम कांवड़ सेवा समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे। कृषि मंत्री ने शिविर में पहुंचकर कांवड़ यात्रियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सेवा में जुटे स्वयंसेवकों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।

निस्वार्थ सेवा को बताया प्रेरणादायी

निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि श्रावण मास में हजारों श्रद्धालु बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकलते हैं। लंबी और कठिन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित ठहरने, भोजन, पेयजल और विश्राम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत पुण्य का कार्य है।

उन्होंने कहा कि बाबा बैजनाथ धाम कांवड़ सेवा समिति द्वारा जिस निस्वार्थ भाव और समर्पण के साथ कांवड़ यात्रियों की सेवा की जा रही है, वह समाज के लिए अनुकरणीय है। धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा का यह भाव हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को और अधिक मजबूत करता है।

कृषि मंत्री ने सेवा कार्य में जुटे सभी स्वयंसेवकों एवं सेवादारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, निश्चित रूप से आपके सेवा कार्यों से पूरे नगर का मान-सम्मान ऊंचा होता है। समाज सेवा की ऐसी भावना ही हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाती है। सेवा में लगे सभी स्वयंसेवक बधाई और शुभकामनाओं के पात्र हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

नगर पालिका अध्यक्ष एवं सेवा समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल ने कृषि मंत्री रामविचार नेताम का स्वागत करते हुए उन्हें सेवा शिविर की व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवड़ यात्रियों को रामानुजगंज में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समिति द्वारा नि:शुल्क ठहरने, भोजन, पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु यात्रा के दौरान सेवा शिविर में रुककर भोजन एवं विश्राम कर रहे हैं। समिति के सदस्य और स्वयंसेवक लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं। शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने शिविर का निरीक्षण करने के दौरान सेवा कार्य में लगे स्वयंसेवकों से बातचीत की और उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए आगे आना सामाजिक सहभागिता और आपसी सहयोग की भावना का परिचायक है।

उन्होंने सेवा कार्य में लगे सभी लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ समाजहित में कार्य करते रहने का आह्वान किया।

रामानुजगंज में सेवा और आस्था का संगम

श्रावण मास के दौरान बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में रामानुजगंज में संचालित सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो रहा है। यहां उन्हें भोजन, पानी और विश्राम जैसी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। नगरवासियों और समिति के सदस्यों की सहभागिता से चल रहा यह सेवा अभियान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की मिसाल पेश कर रहा है।

निरीक्षण के दौरान सेवा समिति के पदाधिकारी, स्वयंसेवक, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट