बलरामपुर
स्वास्थ्य मंत्री ने की सेवा समिति की सराहना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,7 अगस्त। श्रावण मास में बाबा बैजनाथ धाम की ओर बढ़ते कांवड़ यात्रियों के लिए रामानुजगंज आस्था के साथ-साथ सेवा का भी बड़ा केंद्र बन गया है। नगर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन में बाबा बैजनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए लगातार नि:शुल्क भोजन, पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। समिति की इस सेवा पहल का प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं।
श्रावण मास के नौवें दिन छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व विधायक चंपा देवी पावले सहित करीब 80 श्रद्धालु बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा के दौरान रामानुजगंज पहुंचे। यहां सभी श्रद्धालुओं ने सेवा केंद्र में प्रसाद ग्रहण किया और कुछ समय विश्राम करने के बाद बाबा बैजनाथ धाम की ओर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
कांवड़ यात्रियों के रामानुजगंज पहुंचने पर बाबा बैजनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति के प्रमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में नगरवासियों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पूर्व विधायक चंपा देवी पावले एवं सभी श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया। सेवा समिति के सदस्यों एवं नगरवासियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए भोजन एवं विश्राम सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं।
श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छत्तीसगढ़, झारखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकलते हैं। ऐसे में रामानुजगंज स्थित यह सेवा केंद्र कांवड़ यात्रियों के लिए रास्ते में राहत और विश्राम का महत्वपूर्ण पड़ाव बन रहा है।
सेवा केंद्र में श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जब भी वे बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकलते हैं, रामानुजगंज में अवश्य रुकते हैं। यहां श्रद्धालुओं के लिए जिस तरह की व्यवस्था की गई है, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि रामानुजगंज के सेवा केंद्र में स्वच्छता, शुद्धता और सेवा भाव का उत्कृष्ट वातावरण देखने को मिलता है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नगरवासियों द्वारा जिस समर्पण और आत्मीयता के साथ कार्य किया जा रहा है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस पुनीत कार्य में सहयोग कर रहे सभी नगरवासियों, सेवा समिति के सदस्यों एवं सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा करना मानवता और सामाजिक समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने सेवा समिति की इस पहल को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
नगरवासियों के सहयोग से लगातार जारी है सेवा
नगर पालिका अध्यक्ष एवं सेवा समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रियों के लिए चलाया जा रहा यह सेवा अभियान किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि पूरे रामानुजगंज के नगरवासियों की आस्था, सहयोग और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर निकलने वाले किसी भी श्रद्धालु को रामानुजगंज में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए नि:शुल्क भोजन, पेयजल, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।
रमन अग्रवाल ने बताया कि श्रावण मास के दौरान सेवा केंद्र पर कांवड़ यात्रियों का निरंतर आगमन जारी है। नगर के लोग भी बढ़-चढक़र सेवा कार्य में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सेवा कार्य में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी नगरवासियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रावण मास भर यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।
आस्था के साथ सेवा का संदेश
रामानुजगंज में चल रहा यह सेवा अभियान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा की भावना को भी मजबूत कर रहा है। लंबी यात्रा पर निकले कांवड़ यात्रियों को नि:शुल्क भोजन और विश्राम की सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिल रही है। नगरवासियों की आत्मीय मेहमाननवाजी और सेवा भावना के कारण रामानुजगंज कांवड़ यात्रियों के बीच एक महत्वपूर्ण सेवा पड़ाव के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।