बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 7 अगस्त। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बूढ़ाबगीचा में शुक्रवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष विनय भगत, जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, उपसरपंच दीपेश गर्ग, भाजपा किसान मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, उदय यादव, संतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलती है और उनकी शिक्षा बाधित नहीं होती। उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल बालिकाओं के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
अतिथियों ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनका सशक्तिकरण ही समृद्ध एवं विकसित समाज की मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढऩे का आह्वान किया।
समारोह के अंत में अतिथियों ने साइकिल प्राप्त करने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।