बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 6 अगस्त। सेमरसोत अभ्यारण्य में संरक्षित वन्यजीव बार्किंग डियर (कोटरी) के शिकार के दो आरोपी को वन अमले ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
अधीक्षक सेमरसोत बी एस भगत के मार्गदर्शन में रेंजर जगत राम मरावी के नेतृत्व में 5 अगस्त को प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। वन अमले ने घेराबंदी कर चंदन ग्राम परती तथा सुराजलाल ग्राम खटवाबरदर को पकड़ा। तलाशी एवं जांच के दौरान उनके कब्जे से संरक्षित वन्यजीव बार्किंग डियर (कोटरी) का एक मृत शव बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा सेमरसोत अभ्यारण्य क्षेत्र में संरक्षित वन्यजीव का अवैध शिकार किया जाना पाया गया।
इस संबंध में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को नियमानुसार सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है।
शिकार में प्रयुक्त साधनों तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।