बलरामपुर

क्रूरता से ले जाई जा रही दो भैंसें पुलिस ने छुड़ाईं, यूपी के 2 बंदी
03-Aug-2026 9:01 PM
क्रूरता से ले जाई जा रही दो भैंसें पुलिस ने छुड़ाईं, यूपी के 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज, 3 अगस्त। बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु क्रूरता के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो भैंसों को सुरक्षित बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार 2 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति भैंसों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए बुचडख़ाने की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो भैंसों के साथ दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमन यादव तथा सिकंदर दोनों निवासी उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने दोनों भैंसों को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 125/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी अमन यादव के खिलाफ थाना बसंतपुर में पशु क्रूरता से संबंधित एक अन्य मामला भी पहले से दर्ज है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट