बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 3 अगस्त। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में छात्र-छात्राओं के लिए बालक एवं बालिका छात्रावास निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को स्वामी विवेकानंद यूथ सर्कल (सरगुजा विभाग, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज) एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने प्राचार्य के माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन दीपक गिरी, अर्चित ठाकुर एवं उमेश कुशवाहा के नेतृत्व में सौंपा गया। प्रतिनिधियों ने बताया कि महाविद्यालय में जिले के दूरस्थ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए आते हैं। परिवहन सुविधाओं के अभाव में उन्हें प्रतिदिन आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा और समय पर आवागमन एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
छात्र प्रतिनिधियों का कहना है कि छात्रावास की सुविधा नहीं होने से आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरदराज के कई विद्यार्थी पढ़ाई बीच में छोडऩे को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में महाविद्यालय परिसर में आधुनिक एवं सुरक्षित बालक और बालिका छात्रावास की स्थापना समय की आवश्यकता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए शीघ्र छात्रावास का निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित आवास और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके तथा कोई भी विद्यार्थी आवागमन की समस्या के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।
स्वामी विवेकानंद यूथ सर्कल एवं छात्र प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ शासन का उच्च शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा।
इस दौरान स्वामी विवेकानंद यूथ सर्कल के सदस्य, महाविद्यालय के छात्र प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।