बलरामपुर

लरंगसाय पीजी कॉलेज ने स्नातकोत्तर सीटें बढ़ाने की मांग की, उच्च शिक्षा संचालनालय को भेजा प्रस्ताव
03-Aug-2026 8:58 PM
लरंगसाय पीजी कॉलेज ने स्नातकोत्तर सीटें बढ़ाने की मांग की, उच्च शिक्षा संचालनालय को भेजा प्रस्ताव

रामानुजगंज, 3 अगस्त। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज ने स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विभिन्न विषयों में स्वीकृत सीटों में वृद्धि की मांग की है। इस संबंध में महाविद्यालय की प्राचार्य ने 1 अगस्त 2026 को उच्च शिक्षा संचालनालय, अटल नगर नवा रायपुर के आयुक्त को प्रस्ताव भेजा है।

प्राचार्य द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि महाविद्यालय दूरस्थ एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में स्थित जिले का अग्रणी शिक्षण संस्थान है। यहां जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्नातकोत्तर अध्ययन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सीटों की सीमित संख्या के कारण अनेक विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित होना पड़ता है।

महाविद्यालय ने विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए स्नातकोत्तर की पांच प्रमुख कक्षाओं में सीटें बढ़ाने का अनुरोध किया है।

प्रस्तावित सीट वृद्धि इस प्रकार है— एम.ए. हिन्दी- 20 से बढ़ाकर 40 सीटें। एम.ए. इतिहास- 20 से बढ़ाकर 40 सीटें। एम.ए. समाजशास्त्र- 20 से बढ़ाकर 40 सीटें। एम.ए. राजनीतिविज्ञान- 25 से बढ़ाकर 40 सीटें। एम.कॉम- 20 से बढ़ाकर 40 सीटें। प्राचार्य ने पत्र के साथ छात्र-छात्राओं द्वारा प्राप्त आवेदन भी संलग्न कर उच्च शिक्षा संचालनालय से शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। प्रस्ताव की प्रतिलिपि क्षेत्रीय अपर संचालक, उच्च शिक्षा, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।


अन्य पोस्ट