बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 2 अगस्त। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा महाविद्यालय के मल्टीपरपज़ हॉल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ पर आयोजित लाइव प्रसारण का सामूहिक रूप से श्रवण किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रोज़ लिली बड़ा, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक आर. के. खैरवार, कार्यक्रम अधिकारी एस. बी. यादव, उमाशंकर पाण्डेय, निखिल विनय लहरे, महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जो विद्यार्थी महाविद्यालय नहीं पहुँच सके, वे अपने घरों से ऑनलाइन माध्यम द्वारा लाइव प्रसारण से जुड़े और कार्यक्रम का लाभ लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वयं भी नशे से दूर रहने एवं दूसरों को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।