बलरामपुर
मेधावी छात्रों को इसरो-डीआरडीओ भ्रमण का मिलेगा अवसर
बलरामपुर, 1 अगस्त। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है। विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम) परीक्षा के माध्यम से कक्षा 6वीं से 11वीं तक के छात्र-छात्राएं विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के साथ इसरो और डीआरडीओ जैसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थाओं के भ्रमण का अवसर भी मिलेगा।
विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक विवेक पाठक ने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी और जिला शिक्षा अधिकारी से सौजन्य भेंट कर परीक्षा की रूपरेखा, उद्देश्य एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करना है। परीक्षा चार चरणों में आयोजित होगी। प्रत्येक राज्य से प्रत्येक कक्षा के शीर्ष 25 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान शिविर के लिए किया जाएगा, जबकि राज्य स्तर पर प्रत्येक कक्षा के शीर्ष दो विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विज्ञान शिविर में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
इस प्रकार प्रत्येक राज्य से कुल 12 विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगे।
बैठक में ‘स्पेस ऑन व्हील’ कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। इसरो द्वारा संचालित इस विशेष विज्ञान प्रदर्शनी वाहन के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान की आधुनिक जानकारी विद्यालयों तक पहुंचाई जाएगी। इसे अक्टूबर 2026 में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयोजित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। साथ ही हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों को इसरो के वैज्ञानिकों से सीधे मार्गदर्शन दिलाने की योजना पर भी चर्चा हुई।
विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने पात्र विद्यार्थियों से समय पर पंजीयन कर इस राष्ट्रीय अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।